उत्तर प्रदेशवाराणसी

राष्ट्रीय T-20 दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता 9 अक्टूबर से वाराणसी में, छह राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प माह के अंतर्गत उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में राष्ट्रीय T-20 दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 9, 10 और 11 अक्टूबर 2026 को सिगरा स्टेडियम में आयोजित होगी। आयोजन को लेकर सोमवार को पत्रकार वार्ता कर समिति की ओर से जानकारी दी गई।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन एवं भारतीय जनता पार्टी दिव्यांग प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए राष्ट्रीय स्तर का मंच मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर बहराइच निवासी धर्मेंद्र द्वारा नौ सेकंड में 76 नारियल फोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिसे विश्व रिकॉर्ड बनाने के प्रयास के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने बताया कि टूर्नामेंट में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और विदर्भ की टीमें शामिल हैं। सभी टीमें 8 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगी।

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांगजनों को खेल के माध्यम से सशक्त बनाना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, प्रतिभा और खेल सहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आयोजन के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के भी शामिल होने की संभावना है। पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव, गौतम जायसवाल, रोशन द्विवेदी, सुबोध राय, प्रदीप राजभर, मदनमोहन वर्मा और प्रांजल अग्रहरि समेत आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता का संयोजन बीर भद्र सिंह ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button