होटल गंगा फ्यूजी से पर्यटक का बैग चोरी करने वाले दंपति गिरफ्तार, दो लैपटॉप समेत पूरा सामान बरामद

Shekhar pandey
वाराणसी। दशाश्वमेध थाना पुलिस ने होटल गंगा फ्यूजी से एक पर्यटक का बैग चोरी करने के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो लैपटॉप, चार्जर, किताबें, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चश्मे, ईयरबड्स सहित पूरा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर 9 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12:55 बजे पत्थर गली स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से आरोपी विकास पाण्डेय (28 वर्ष), निवासी गड़ैया खुर्द, थाना कौंधियारा, प्रयागराज तथा उसकी 21 वर्षीय पत्नी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने होटल गंगा फ्यूजी से पर्यटक का काले रंग का बैग चोरी किया था। बैग में दो लैपटॉप और अन्य महत्वपूर्ण सामान रखा हुआ था। आरोपी चोरी के लैपटॉप बेचने की फिराक में थे और भीड़ कम होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लैपटॉप, दो चार्जर, आठ किताबें, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो चश्मे, एक ईयरबड्स और दोनों बैग बरामद किए हैं।
इस मामले में थाना दशाश्वमेध में मुकदमा संख्या 148/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 एवं 317(2) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
इस गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी उ0नि0 अनुजमणि तिवारी, उ0नि0 शिवस्वरूप पाण्डेय, कांस्टेबल सचिन राव, सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अश्वनी सिंह सहित दशाश्वमेध थाना और कमिश्नरेट वाराणसी की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







