दो दिवसीय ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ युवा समागम का सफल समापन

Shekhar Pandey
लखनऊ। मेरा युवा भारत, उत्तर प्रदेश (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय “विकसित भारत बजट प्रश्नोत्तरी युवा डायलॉग 2026” का सफल समापन हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए 1200 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलित कर किया। वंदे मातरम् की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का औपचारिक आरंभ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक अनिल कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि उप निदेशक माहे आलम ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पवन सिंह चौहान ने कहा कि युवा देश की नींव हैं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए। प्रो. मंजुला उपाध्याय ने कौशल विकास, युवा नेतृत्व एवं महिला सशक्तीकरण पर सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि ममता शुक्ला ने युवाओं को दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया।
समापन सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के युवा कल्याण एवं खेल राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर युवाओं को प्रेरित किया।
इस दौरान केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ‘माय भारत’ का उद्देश्य युवाओं को सशक्त, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना है, क्योंकि देश का भविष्य युवाओं पर ही निर्भर करता है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘युवा संदेश’ का भी पाठ किया गया। अंत में क्षेत्रीय निदेशक अनिल कुमार सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विकास सिंह, जागृति पाण्डेय, आकर्ष दीक्षित, अनुपम कुमार, सोनिका चंद्रा सहित विभिन्न जिलों के युवा अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।











