उत्तर प्रदेशवाराणसी

भारतीय मजदूर संघ ने मांगों को लेकर वाराणसी में किया विरोध प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। भारतीय मजदूर संघ के केंद्रीय आह्वान पर राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत वाराणसी में भी श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। शास्त्री घाट, वरुणा पुल से जिला मुख्यालय तक विरोध जुलूस निकाला गया। प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री, श्रम मंत्री भारत सरकार एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी वाराणसी को सौंपा गया।

प्रदर्शन में संगठित और असंगठित क्षेत्रों से जुड़े सैकड़ों कर्मचारियों एवं श्रमिकों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। कार्यक्रम का नेतृत्व भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर राय ने किया।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. दूधनाथ, संभाग प्रमुख रामकृष्ण गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजीव सिंह और जिलामंत्री विकास केसरी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बीएलडब्ल्यू, यूनियन बैंक, केनरा बैंक, बड़ौदा ग्रामीण बैंक, विद्युत, परिवहन, स्वास्थ्य, भेल, राजकीय मुद्रणालय, आशा, आंगनवाड़ी, पोस्टल, चिकित्सा, वाणिज्य, ऑटो रिक्शा, रेहड़ी-पटरी समेत विभिन्न क्षेत्रों के कर्मचारियों और श्रमिकों ने प्रदर्शन में भाग लिया।

भारतीय मजदूर संघ ने सरकार के समक्ष पुरानी पेंशन योजना लागू करने, बोनस सीलिंग बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने, बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, ESIC की सीमा बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने और EPF की सीमा बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने समेत कई मांगें रखीं।

इसके अलावा समान कार्य के लिए समान वेतन, ग्रेच्युटी की सीमा 40 लाख रुपये करने, संविदा कर्मचारियों के मासिक मानदेय में वृद्धि, एनएचएम कर्मचारियों की वेतन विसंगतियां दूर करने, न्यूनतम मासिक वेतन 30 हजार रुपये करने तथा योजना और अनुबंध श्रमिकों को नियमित करने की मांग उठाई गई।

प्रदर्शनकारियों ने सामान्य भर्ती पर लगे प्रतिबंध को तत्काल हटाने, नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने और गारंटीकृत रोजगार की व्यवस्था करने की भी मांग की। संगठन का कहना है कि इन कदमों से कर्मचारियों की सेवा शर्तों में अनिश्चितता और असुरक्षा को समाप्त करने में मदद मिलेगी।

प्रदर्शन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजीव सिंह ने की, जबकि संचालन विभाग प्रमुख राकेश पाण्डेय ने किया। जिलामंत्री विकास केसरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के समापन की घोषणा प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर राय ने की।

भारतीय मजदूर संघ ने केंद्र और राज्य सरकार से श्रमिक हितों से जुड़ी लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button