Varanàsi : महाकुंभ के अंतिम स्नान खत्म होते ही हवाई किराया हुआ नियंत्रित

वाराणसी । महाकुंभ का अंतिम स्नान खत्म होते ही महानगरों से वाराणसी आने वाले विमान का किराया तीन गुना कम हो गया है। वहीं, वाराणसी से उड़ान भरने वाले विमान का किराया अब महंगा हो गया है। बता दे कि पूरे महाकुंभ के दौरान हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली से वाराणसी आने वाले विमान का किराया तीन से चार गुना तक महंगा था। इस संबंध में
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार महाकुंभ और लोड फैक्टर को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों ने फ्लाइट का किराया बढ़ा दिया था। अब महाकुंभ समाप्त होने के बाद यात्री नहीं मिल रहे हैं। इस कारण किराये में भी अंतर आया है। टूर ऑपरेटर आकाश तिवारी के अनुसार बुधवार को चेन्नई से वाराणसी आने वाले विमान का किराया नौ हजार रुपये रहा, जबकि यहां से उड़ान भरने का किराया 20 हजार रुपये रहा। हैदराबाद से वाराणसी का किराया 11 हजार रुपये और वाराणसी से हैदराबाद जाने का किराया 17 हजार रुपये रहा। दिल्ली से आने वाले विमान का किराया पांच हजार तो वाराणसी से दिल्ली का किराया 11 से 12 हजार रुपये रहा।वाराणसी से मुंबई का किराया 20 हजार रुपये और मुंबई से वाराणसी आने का किराया 10 हजार रुपये रहा। इस तरह अन्य शहरों से वाराणसी आने वाले विमान का किराया आधे से भी कम हो गया है।



