Varanasi : राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी का 11 सूत्रीय राष्ट्रीय अधिवेशन सम्पन्न, रघुनाथ उपाध्याय ने दिया “एक भारत नेक भारत” का नारा

Shekhar Pandey
वाराणसी। दिनांक 1 जून, राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी के 11 सूत्रीय राष्ट्रीय अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुनाथ उपाध्याय ने कहा कि आज देश में नफरत और जातिवाद का जहर जोरों से फैलाए जा रहे हैं वह भविष्य में लोकतंत्र और देश के लिए घातक साबित होगा इसलिए सभी राजनीतिक पार्टियों से आग्रह करना चाहता हूं कि इस आधुनिक युग में आधुनिक राजनीति किया जाय। नफ़रत और जातिवाद से दूर देशहित और जनहित में कार्य करने की जरूरत है। रघुनाथ उपाध्याय ने कहा कि 11 सूत्रीय राष्ट्रीय अधिवेशन में हम समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्ता देश की 11 बुराइयों को जड़ से उखाड़ फेंकने हेतु संकल्प लेने वाले हैं और वह बुराइयां इस प्रकार है। भ्रष्टाचार, नफरत, नशा, असमानता, घोटाला, जातिवाद, भेदभाव, जुमलेबाजी, महिला उत्पीड़न, प्रदूषण, भ्रष्ट नेतृत्व।
उन्होंने कहा कि आज मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, चरम पर है परन्तु इस पर कोई चर्चाएं नही हो रही है। आज हमें शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार, स्वरोजगार पर गहन अध्ययन करने की जरूरत है। राजनैतिक दलों को इस समस्या के समाधान हेतु विद्वजनों से मदद लेने कि आवश्यकता है। मुझे अपने देश के विद्वजनों पर पूरा भरोसा है कि वे देश की बेरोजगारी को समाप्त करने हेतु कोई ना कोई विकल्प जरुर निकालेंगे। देश की राजनीति में पढ़े लिखे नवयुवकों को अवसर मिलना चाहिए। शिक्षित राजनीति ही देश को नई दिशा देने में सफलता प्राप्त कर सकती है इसलिए शिक्षित नवयुवकों को राजनीति का अंग बनाना अति आवश्यक है। अनपढ़ों को राजनीति से अलग कर देना चाहिए। देश की जवानी उदासीन हो चुकी है क्योंकि भारत का नवजवान, रोजगार की तलाश में थक कर सो जाता है क्योंकि उसके पास कोई विकल्प ही नही है। देशवासियों को अपने मन में एकता का भाव रखना चाहिए इसी के साथ उन्होंने “एक भारत नेक भारत” का नारा देते हुए राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी का संकल्प, एक परिवार परिवार एक नौकरी के वादे को पूरा करने हेतु विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश मिशन 2027 के कार्यक्रमों पर भी चर्चाएं की।
उन्होंने कहा कि देश के 14 राज्यों में राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी के संगठन का कार्य तीव्र गति से चल रहा है और उत्तर प्रदेश के 52 जिलों में संगठन को मजबूत करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश 2027 का परिणाम चौंकाने वाला होगा जो एक नया इतिहास रचेगा।
उन्होंने पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का एक शपथ ग्रहण भी करवाया जिसमें सभी पदाधिकारी गण दृढ़तापूर्वक संकल्प लिये और राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुनाथ उपाध्याय को आश्वस्त कराए कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपके साथ कदम से कदम और कन्धा से कन्धा मिलाकर चलने के लिए बचनबद्ध हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव मनोज सागर, राष्ट्रीय संरक्षक गंगा सहाय पाण्डेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री ज्ञानेन्द्र तिवारी, राष्ट्रीय सचिव जूही मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव लक्ष्मण सिंह, राष्ट्रीय संयोजक शशि राजभर, प्रदेश अध्यक्ष शिवजी यादव, प्रदेश महासचिव ब्रजेश कुमार ओझा इत्यादि लोग उपस्थित रहे।