Varanasi : फेरी पटरी ठेला व्यवसायियों की समस्याओं पर मंडलायुक्त से मिला प्रतिनिधिमंडल

वाराणसी। राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन के महासचिव अभिषेक निगम के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त एस. राजलिंगम से मुलाकात की और शहर के फेरी, पटरी व ठेला व्यवसायियों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
अभिषेक निगम ने बताया कि टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों तक किसी भी फेरी पटरी ठेला व्यवसायी की दैनिक आजीविका को अनावश्यक रूप से प्रभावित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ नारे को साकार करने में छोटे रेहड़ी-पटरी व्यापारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें प्रतिदिन रोजगार स्थल से हटाया जाना अत्यंत पीड़ादायक है।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आगामी त्योहारों — धनतेरस, दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली — के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखते हुए छोटे रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इस विषय पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से शीघ्र वार्ता कर समाधान निकाला जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. गौरव प्रकाश, अधिवक्ता शशांक कुमार श्रीवास्तव, विकास यादव, अवनीश श्रीवास्तव, रामवृक्ष प्रजापति और अनमोल निगम शामिल रहे।



