वाराणसी में श्याम पताका लहराई, भक्तिमय उल्लास के साथ निकली श्री श्याम निशान यात्रा

Shekhar pandey
वाराणसी। श्री श्याम मंडल वाराणसी द्वारा आज प्रातः 6 बजे भव्य श्री श्याम निशान यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ मैदागिन स्थित पातालेश्वर मंदिर से हुआ, जो बुलानाला, चौक, बांसफाटक, गोदौलिया, गिरजाघर होते हुए लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंची। यहां प्रभु के चरणों में श्याम पताका अर्पित की गई, आरती उतारी गई और श्याम चालीसा का पाठ कर भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्याम प्रभु की अलौकिक झांकी सजाई गई, जिसने सभी भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यात्रा से पूर्व निशान पताका का पूजन संस्था के मंत्री पवन कुमार अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक कृष्ण कुमार काबरा, रवि कानोडिया, मुकेश गाड़ोदिया एवं पवन पांडे द्वारा किया गया। तत्पश्चात भक्तों को ध्वजा प्रदान कर यात्रा का शुभारंभ किया गया।
रास्ते भर भक्तगण “लहर लहर लहराई रे श्याम ध्वजा लहराई रे” जैसे भजनों की गूंज के साथ नाचते-गाते चल रहे थे। भजन गायन में प्रवीण माखरिया, जागृति गाड़ोदिया, संजय शर्मा सिवान, अमन कृष्णा, अरविंद डीडवानिया और सुरेश तुलस्यान विशेष रूप से शामिल रहे।
यात्रा के अग्रभाग में फूलों से सजी गाड़ी पर श्याम प्रभु का तैलचित्र स्थापित किया गया था, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मार्ग में भक्त संजय बुबना, विनय बुबना, राजाराम, प्रदीप जाजोदिया आदि ने प्रभु की आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर भक्ति माहौल को और भी पवित्र बना दिया।
पूरी यात्रा “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंजती रही और वाराणसी की गलियों में भक्ति एवं आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।



