Gorakhpur : जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संकल्पित है सरकार : मुख्यमंत्री योगी

Shekhar pandey
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
गोरखपुर, 1 नवम्बर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखपुर प्रवास के दौरान आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

प्रतिकूल मौसम के कारण इस बार जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं व्यक्तिगत रूप से सुनीं। बड़ी संख्या में महिलाएं भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं सभागार में लोगों के बीच जाकर उनकी बातें ध्यानपूर्वक सुनते रहे और हर प्रार्थना पत्र को संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के साथ संदर्भित किया।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता से निस्तारण किया जाए, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने में देरी न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि जमीन पर जबरन कब्जा करने वालों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और बिना भेदभाव सबको न्याय मिले।

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज रुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज के लिए आवश्यक इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर सरकार को उपलब्ध कराया जाए, ताकि तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है।



