Varanasi : पुलिस आयुक्त द्वारा सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारीगण संग की गई गोष्ठी

Shekhar Pandey
वाराणसी ,11,जनवरी । पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापार मंडल के पदाधिकारीगण के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों तथा यातायात से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और पूर्व में लागू की गई यातायात व्यवस्थाओं के संबंध में व्यापारियों से विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया गया, जिससे जमीनी स्तर पर उनकी प्रभावशीलता का आकलन किया जा सके। व्यापारियों द्वारा मैदागिन से गोदौलिया तक बनाए गए नो-व्हीकल जोन की सराहना करते हुए इसे आमजन एवं श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया गया।
यातायात जाम, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण एवं अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु रथयात्रा, मालवीय चौराहा, साजन तिराहा, मलदहिया, गोदौलिया, मैदागिन, कोतवाली सहित अन्य 15 प्रमुख चौराहों में 05-05 सक्रिय नागरिकों व व्यापारियों की समितियाँ गठित करने का सुझाव दिया गया, जिनके माध्यम से समस्याओं की समय पर सूचना पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था में व्यापक व स्थायी सुधार तथा पार्किंग समस्या के समाधान हेतु क्षेत्र-विशेष एवं व्यावहारिक सुझाव आमंत्रित किए गए। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यातायात सुधार एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें पुलिस प्रशासन के साथ व्यापारियों एवं आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है, जिस पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए इस पहल को जनहितकारी बताया ।



