Varanasi : सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पुलिस आयुक्त स्वयं उतरे सड़कों पर

Shekhar Pandey
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट मोहित अग्रवाल द्वारा सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वयं सड़कों पर उतरे और शहर क्षेत्र के नदेसर, अन्ध्रापुल, रोडवेज, इंग्लिशिया लाइन, लहरतारा आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त द्वारा यातायात की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करते हुए मौके पर ही आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए । इस दौरान उन्होंने स्वयं बिना नंबर प्लेट के वाहनों की सघन चेकिंग की और ऐसे नियम उल्लंघन कर्ताओं के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन को और सुदृढ़ किया जा सके।

साथ ही सड़कों एवं सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अतिक्रमण को यातायात बाधा का प्रमुख कारण बताते हुए दुकानों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने यातायात पुलिस एवं सिविल पुलिस को आपसी समन्वय के साथ विशेष अभियान चलाकर नियम उल्लंघन, अवैध पार्किंग एवं नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं जनसुविधाजनक बनाया जा सके ।



