अलविदा की नमाज को लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल का शहर में व्यापक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Shekhar Pandey
वाराणसी। अलविदा की नमाज के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था, साम्प्रदायिक सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को शहर क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कमिश्नरेट पुलिस के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाए हुए हैं। उन्होंने क्षेत्र के मुस्लिम धर्मगुरुओं और संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर आपसी सौहार्द, शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील की।


निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने नदेसर स्थित मस्जिद का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और नमाज अदा करने आए नमाजियों से वार्तालाप करते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इसके बाद उन्होंने दालमण्डी क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों और नमाजियों से संवाद स्थापित किया तथा सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस क्रम में उन्होंने ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का भी निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में भी पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस आयुक्त ने काशी विश्वनाथ मंदिर से बांसफाटक तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहते हुए ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने पुलिस लाइन स्थित आवासीय क्षेत्र का भ्रमण किया तथा पुलिस भर्ती के लिए बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में महिला कमांडो की भी तैनाती की गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों के मद्देनज़र सभी अधिकारी और कर्मचारी अधिक सतर्कता, समन्वय और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें, ताकि जनपद में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बनी रहे।



