रामनवमी पर स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती का आह्वान—गौ-हत्या बंद करें, स्वदेशी अपनाएं

Shekhar Pandey
मोतिहारी। रामनवमी के पावन अवसर पर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती गुरुवार को मोतिहारी पहुंचे, जहां उन्होंने सिकरिया फार्मेसी कॉलेज में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने गौ-हत्या पर रोक लगाने और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व अशांति के दौर से गुजर रहा है, और इसके समाधान के लिए सनातन धर्म की शिक्षाएं अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक-एक गाय के पालन का संकल्प ले, तो गौ-हत्या स्वतः समाप्त हो सकती है।
विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार पर जोर देते हुए उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक भारत में निर्मित उत्पादों का उपयोग करें। उनका कहना था कि इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि राष्ट्र की आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी।
प्रेस वार्ता के उपरांत स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती शहर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए। हनुमानगढ़ से प्रारंभ हुई इस शोभायात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सदर एसडीओ, डीएसपी, नगर थानाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
इस अवसर पर शंभूनाथ सिकरिया, यमुना सिकरिया, विहिप के अशोक श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।







