Varanasi : आरटीसी योजना के तहत पुलिस आयुक्त का पैदल निरीक्षण, यातायात सुधार के दिए सख्त निर्देश

वाराणसी। मोहित अग्रवाल, पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी ने शनिवार को शहर में लागू Reducing Traffic Congestion (RTC) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रमुख मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और बाधारहित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने ब्रॉडवे होटल से रवीन्द्रपुरी रोड, अस्सी तिराहा, लंका तिराहा, मालवीय चौराहा होते हुए ट्रामा सेंटर तक पैदल गश्त कर यातायात संचालन, सड़क अनुशासन और जनसुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि RTC योजना के तहत शहर के 10 प्रमुख मार्गों पर यातायात शाखा के निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को रूट मार्शल के रूप में तैनात किया गया है। ये अधिकारी संबंधित थाना व चौकी प्रभारियों के साथ मिलकर विशेषकर पीक आवर्स में यातायात को नियंत्रित करेंगे और जाम की समस्या को कम करेंगे।
पुलिस आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इसके साथ ही बिना नंबर प्लेट वाहन, रांग साइड चलने, तीन सवारी जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अवैध ऑटो और रिक्शा स्टैंड हटाने, व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने तथा सड़क पर ठेला-खुमचा लगाकर अवरोध उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त अंशुमान मिश्र, सहायक पुलिस आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी व पुलिस बल मौजूद रहे।













