पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सिगरा व भेलूपुर थानों का किया निरीक्षण, नव आरक्षियों के प्रशिक्षण पर दिया जोर

Shekhar Pandey
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शनिवार को थाना सिगरा एवं भेलूपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवआगंतुक रिक्रूट आरक्षियों से संवाद स्थापित कर उनके आवास, भोजन, शुद्ध पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक नव नियुक्त आरक्षी को अनुभवी कर्मचारियों के साथ जोड़कर बीट का शत-प्रतिशत आवंटन किया जाए, ताकि उन्हें क्षेत्रीय कार्य का व्यावहारिक अनुभव मिल सके। साथ ही आरक्षियों को आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाने के लिए नियमित प्रशिक्षण, डिजिटल उपकरणों के उपयोग और प्रायोगिक अभ्यास पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने सीसीटीएनएस प्रणाली, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज निरीक्षण, डीवीआर संचालन, ई-साक्ष्य एवं ई-समन प्रणाली, ऑपरेशन चक्रव्यूह, यक्ष ऐप तथा आरटीसी (Reducing Traffic Congestion) प्रणाली का प्रभावी प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। नव आरक्षियों को प्रारंभिक चरण में कार्यालयी कार्य से दूर रखते हुए फील्ड ड्यूटी में दक्ष बनाने पर भी बल दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान एसआईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रत्येक मुकदमे में शत-प्रतिशत यूनिक एसआईडी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचना रजिस्टर की जांच कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी विवेचना 60 दिनों से अधिक लंबित न रहे और सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर सहित संबंधित अधिकारी एवं थाना स्टाफ मौजूद रहे।











