उत्तर प्रदेशवाराणसी

उत्तर प्रदेश युवा संसद 2026 का भव्य समापन, 75 जनपदों के युवाओं ने रखा विकसित भारत का रोडमैप

Shekhar Pandey

Advertisements

लखनऊ, 3 मई 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 का तीन दिवसीय कार्यक्रम भव्य समापन के साथ संपन्न हुआ। 1 से 3 मई तक आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी 75 जनपदों से 375 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर केंद्रीय बजट 2026 और विकसित भारत के विजन पर अपने विचार रखे।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि जागरूक और उद्देश्यपूर्ण युवा ही विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करेंगे। उन्होंने कार्यक्रम को युवाओं की आत्मशक्ति जागरण का मंच बताया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने रोजगार, स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण जैसे विषयों पर प्रभावी प्रस्तुति दी। पारंपरिक वेशभूषा में युवाओं ने अपने तर्क और विचारों से सदन को प्रभावित किया, जिसमें स्थानीय अनुभव और वैश्विक दृष्टिकोण का संतुलन देखने को मिला।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए उनके उत्साह और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं को नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक समझ विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

प्रतियोगिता में जालौन के अंकित कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बलिया की शिप्रा सिंह द्वितीय और कानपुर नगर की रश्मि रंजन साहू तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागी अब राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक समेत कई जनप्रतिनिधियों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नीति-निर्माण और राष्ट्र विकास की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे प्रदेशभर में बड़ी संख्या में लोगों ने देखा। आयोजकों के अनुसार, यह युवा संसद प्रदेश के युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने और उन्हें भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button