उत्तर प्रदेशवाराणसी

काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट-4बी के पास कार्बाइन से अचानक चली गोली, तीन लोग घायल

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4बी के पास शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से कथित तौर पर अचानक गोली चल गई। गोली पत्थर से टकराने के बाद उसके छर्रे और पत्थर की गिट्टियां आसपास मौजूद श्रद्धालुओं व अन्य लोगों की ओर उछल गईं, जिससे तीन लोग घायल हो गए।

घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई कराई। इसके बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा भेजा गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत सामान्य बताई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कार्बाइन से गोली किन परिस्थितियों में चली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button