उत्तर प्रदेशवाराणसी

100 प्रतिशत लूटी गई रकम बरामद, पिस्टल, कारतूस, स्विफ्ट कार और बुलेट बाइक भी पुलिस ने की जब्त

सर्राफा व्यापारी से 5 लाख की लूट का खुलासा, 8 बदमाश गिरफ्तार; मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली

Advertisements

Shekhar pandey

वाराणसी। चेतगंज थाना पुलिस और रामनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्राफा व्यापारी से 5 लाख रुपये की लूट के सनसनीखेज मामले का सफल अनावरण करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर पिस्टल से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को सर्राफा व्यापारी अपने मित्र के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। उनके पास प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए उधार लिए गए 5 लाख रुपये कपड़े के झोले में रखे थे। चेतगंज क्षेत्र में बाटी-चोखा रेस्टोरेंट के पास तीन-चार बदमाश झोला छीनकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना चेतगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए चेतगंज पुलिस, रामनगर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर 5/6 जुलाई की रात रामनगर के लंका मैदान और बंदरगाह रोड क्षेत्र से सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी प्रद्युम्न यादव और आशीष मौर्य ने व्यापारी की गतिविधियों और आने-जाने की सूचना अपने साथियों को उपलब्ध कराई थी, जिसके आधार पर पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी 5 लाख रुपये की नकदी, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, बुलेट मोटरसाइकिल, एक पिस्टल तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में आकाश सेठ, आशीष मौर्य, विजय उर्फ सिपाही यादव, आकाश यादव, प्रद्युम्न यादव, गोविंद मौर्य, अमित कुमार तथा जावेद अख्तर शामिल हैं। इनमें मुख्य आरोपी आकाश सेठ समेत कुछ आरोपियों पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

घटना के सफल अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त काशी जोन ने संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button