काशी के नाविकों ने मंत्री नरेन्द्र कश्यप के सामने उठाया लाइसेंस का मुद्दा, नगर निगम से नवीनीकरण की मांग दोहराई

Shekhar pandey
वाराणसी। धर्मनगरी काशी में मंगलवार को डॉ. राजेन्द्र प्रसाद घाट पर माँ निषाद राज सेवा समिति उत्तर प्रदेश, वाराणसी के तत्वावधान में नाविक समाज की जनसंवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का नाविक समाज ने अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार निषाद ‘गुरु’ ने किया।
बैठक में दशाश्वमेध, राजघाट, अस्सी, शिवाला, जलासाई घाट, गायघाट, रामनगर, सराय मोहाना और सूजाबाद सहित विभिन्न घाटों से पहुंचे नाविकों ने अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार निषाद ‘गुरु’ ने कहा कि वर्ष 2024 से नगर निगम द्वारा नौका एवं मोटरबोट लाइसेंस के नवीनीकरण पर रोक लगाए जाने से नाविक समाज की आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाहरी वाटर टैक्सी संचालन को अनुमति देने से पारंपरिक नाविकों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
बैठक में नाविक समाज ने यह भी कहा कि वे नौका लाइसेंस का नवीनीकरण नगर निगम के माध्यम से ही कराना चाहते हैं और इस संबंध में अपनी मांग सरकार के समक्ष रखी है।
राज्य मंत्री ने नाविकों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मांगों को राज्य सरकार के समक्ष रखा जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस विषय में तथा नगर विकास विभाग को पत्र भेजकर नगर निगम से लाइसेंस नवीनीकरण की मांग से अवगत कराया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस विषय पर सकारात्मक समाधान का प्रयास करेगी।
कार्यक्रम में एडवोकेट शिवकुमार निषाद, दुर्गा माँझी, राम किशन माँझी, गोपाल प्रसाद निषाद, मोनू साहनी, लक्ष्मण माँझी, विनय केशरी, कुन्दन साहनी, मदन माँझी, अजीत साहनी, राहुल साहनी, लवकुश साहनी, गंगा साहनी, गोविन्द साहनी सहित बड़ी संख्या में नाविक समाज के लोग उपस्थित रहे।







