वाराणसी: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और ठगी का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

Shekhar pandey
वाराणसी। कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म और आर्थिक ठगी करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवभूषण शुक्ला (33) पुत्र कैलाश नाथ, निवासी ग्राम बिशुनपुर रामपुर, थाना मड़ियाहूं, जनपद जौनपुर (वर्तमान पता- 407, विग्रह विहार, हनुमान मंदिर के पास, विराज पार्क, नई दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 1 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के विराज पार्क स्थित हनुमान मंदिर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
सोशल मीडिया पर दोस्ती, फर्जी पहचान बनाकर किया विश्वास हासिल
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली में टैक्सी चालक है। सोशल मीडिया के जरिए उसकी वाराणसी निवासी महिला से पहचान हुई। उसने खुद को “रोहित राणा” नाम से सेना का अधिकारी बताते हुए महिला का विश्वास जीता। आरोप है कि करीब सात वर्षों तक उसने अलग-अलग नाम और झूठी कहानियां बताकर महिला को शादी का भरोसा दिलाया।
इसी दौरान शादी का झांसा देकर कई बार महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और विभिन्न बहानों से उससे रुपये भी लिए। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया और आरोपी की वास्तविक पहचान सामने आई, तब उसने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
पुलिस ने बताया कि डीसीपी काशी जोन के निर्देशन एवं एसीपी कोतवाली के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना पुलिस और एसआईटी ने सर्विलांस तथा तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया। इसके बाद नई दिल्ली में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर वाराणसी लाया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजीत मौर्य, उपनिरीक्षक अभिषेक चन्द्रा, उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार, उपनिरीक्षक नीरज मौर्य तथा कांस्टेबल अवनीश सिंह शामिल रहे। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।







