एपेक्स हॉस्पिटल में गर्भाशय कैंसर सहित रोकथाम हेतु HPV वैक्सीनेशन जागरूकता सत्र प्रारंभ

Ashutosh pandey
वाराणसी। महा महिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की प्रेरणा से संचालित “आनंदी माँ – एक जीवन बचाओ अभियान : कैंसर मुक्त भारत यात्रा 2026-27” के अंतर्गत एपेक्स हॉस्पिटल के गाइनेक ऑनकोलॉजी एवं रेडिएशन विभाग द्वारा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, HPV संक्रमण के प्रति जन-जागरूकता तथा HPV वैक्सीनेशन के महत्व को समाज तक पहुँचाने के उद्देश्य से नर्सिंग, फिजियोथेरेपी एवं एलाइड हेल्थ शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, फैकल्टी, हॉस्पिटल स्टाफ, मरीजों के अभिभावकों हेतु एपेक्स की निदेशक एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ अंकिता पटेल की अध्यक्षता में HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) जागरूकता सेमिनार का सफल आयोजन किया गया।
एपेक्स की स्त्री रोग कैंसर सर्जन डॉ. सुविद्या सिंह ने सर्वाइकल कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, जोखिम कारकों तथा समय पर जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि सर्वाइकल कैंसर पूर्णतः रोके जाने योग्य कैंसरों में से एक है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श के माध्यम से इस बीमारी का प्रारंभिक अवस्था में पता लगाकर सफल उपचार संभव है। क्लीनिकल ऑनकोलॉजिस्ट डॉ गौरव गोस्वामी ने HPV वैक्सीनेशन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए टीकाकरण के वैज्ञानिक तथ्यों, इसकी सुरक्षा एवं प्रभावशीलता की जानकारी दी तथा सभी से जागरूक होकर वैक्सीनेशन अपनाने की अपील की। एपेक्स एमएससी नर्सिंग की फैकल्टी शिरीश उपाध्याय द्वारा सत्र का संचालन करते हुए पी आर हेड संजीव शर्मा ने सभी प्रतिभागियों से HPV वैक्सीन के लिए पंजीकरण कराने का आह्वान किया। साथ ही एपेक्स के चेयरमैन प्रो डॉ एसके सिंह ने कैंसर मुक्त भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देते हुए प्रत्येक शनिवार को अत्याधिक रियययती दरों पर एचपीवी वैक्सीनेशन एवं सर्वाइकल स्क्रीनिंग की घोषणा की।







