नागपंचमी और श्रावण सोमवार पर बाबा विश्वनाथ का भव्य महा-जलाभिषेक

Shekhar pandey
वाराणसी। श्रावण मास के पावन तृतीय सोमवार और नागपंचमी के विशेष संयोग पर काशी विश्वनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बाबा विश्वनाथ के दरबार में ज्ञान कूप के पवित्र जल में नागकेसर मिश्रित कर तथा काशी के पंचतीर्थों के जल से महा-जलाभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर और विश्वनाथ गली में हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
हर वर्ष की परंपरा के अनुसार विश्वनाथ गली व्यवसायी संघ की ओर से लोककल्याण और जनमंगल की कामना के साथ बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया गया। जलाभिषेक से पूर्व संघ के सदस्य और महिला श्रद्धालु दशाश्वमेध स्थित चितरंजन पार्क में एकत्र हुए। सुबह करीब 10 बजे डमरुओं की गूंज और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं का जत्था जलपात्र लेकर बाबा विश्वनाथ के दरबार के लिए रवाना हुआ।
श्रद्धालुओं का जुलूस विश्वनाथ गली के मुख्य प्रवेश द्वार से होते हुए साक्षी विनायक, कोतवाल काल भैरव से जुड़े पौराणिक मार्ग और ढुंढिराज गणेश के दर्शन करते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचा। रास्तेभर श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
मान्यता के अनुसार नागपंचमी के अवसर पर नागकेसर मिश्रित जल से भगवान शिव का अभिषेक करने से कालसर्प दोष से मुक्ति की कामना की जाती है, जबकि ज्ञान कूप के जल को ज्ञानवृद्धि से जोड़ा जाता है। इसी धार्मिक आस्था के चलते इस विशेष जलाभिषेक में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में अन्नपूर्णा मठ मंदिर के महंत श्री शंकर पुरी जी महाराज तथा शहर दक्षिणी के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जलाभिषेक के दौरान ज्ञान कूप के पवित्र जल में नागकेसर मिश्रित कर उसमें काशी के पंचतीर्थों का जल मिलाया गया और विधि-विधान के साथ बाबा विश्वनाथ का महा-जलाभिषेक संपन्न हुआ। इस दुर्लभ धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में रमेश तिवारी, कमल तिवारी, पवन शुक्ला, राजू बाजोरिया, भानू मिश्रा, ऋषि झिंगरन, सिद्धार्थ भारद्वाज, प्रतीक देववंशी, अभिषेक केशरी, महेश, मनोज प्रजापति, अमित त्रिपाठी सहित संघ के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।







