माइक्रोटेक कॉलेज के विद्यार्थियों ने लहराया सफलता का परचम, 57 छात्रों का चयन व शॉर्टलिस्ट

Shekhar pandey
वाराणसी। माइक्रोटेक कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों की प्लेसमेंट एवं भर्ती प्रक्रियाओं में शानदार प्रदर्शन किया। 7 सितंबर 2026 को आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में विद्यार्थियों को रोजगार के साथ-साथ इंटर्नशिप के कई बेहतर अवसर प्राप्त हुए।
प्लेसमेंट प्रक्रिया के दौरान Lacozy Enterprises में एमबीए, बीबीए और बी.कॉम. के 22 विद्यार्थियों का चयन ह्यूमन रिसोर्स मैनेजर के पद पर हुआ। चयनित विद्यार्थियों को अधिकतम 5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज का अवसर मिला।
वहीं Robopulse Intelligence में बीसीए के 7 विद्यार्थियों का चयन एआई एवं रोबोटिक्स ट्रेनर के पद पर हुआ। इन्हें 4.2 लाख रुपये वार्षिक पैकेज प्रदान किया गया। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में उनकी दक्षता को दर्शाती है।
Taxtron Technologies में बीसीए एवं एमसीए के 4 विद्यार्थियों का चयन ट्रेनी इंजीनियर के पद पर हुआ, जिन्हें 3 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मिला। इसके अलावा Techvein IT Solution में बीसीए, बी.कॉम. एवं एमबीए के 7 विद्यार्थियों को सेल्स इंटर्न और टेक इंटर्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। इन्हें 6 हजार रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड मिलने का अवसर मिलेगा।
इसी क्रम में Chetmani में बीबीए, बीसीए, बी.कॉम. एवं एमबीए के 16 विद्यार्थियों को सेल्स इंटर्न पद के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं Laxmishree Investment में एक विद्यार्थी का चयन हुआ, जबकि 3 विद्यार्थियों को मैनेजमेंट ट्रेनी-सेल्स पद के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल रहा। संस्थान प्रबंधन ने चयनित एवं शॉर्टलिस्ट विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज की ओर से कहा गया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्लेसमेंट ड्राइव को सफल बनाने में जय मंगल सिंह, स्नेहा, बृज मोहन श्रीवास्तव, शिवानंद सिंह, दीक्षा सिंह, सोनम वर्मा, निलोत्पल डे और अंजली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निरंतर प्रयास एवं समर्पण से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
समापन अवसर पर संस्थान के महासचिव डॉ. नीरज राजहंस ने चयनित विद्यार्थियों को ऑफर लेटर वितरित किए और प्लेसमेंट ड्राइव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
संस्थान के अधिशासी निदेशक डॉ. पंकज राजहंस ने सभी चयनित एवं शॉर्टलिस्ट विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।







