दहेज हत्या मामले में पति समेत सास-ससुर गिरफ्तार, 10 लाख रुपये और कार मांगने का आरोप

Shekhar pandey
वाराणसी। थाना चौक पुलिस ने दहेज हत्या से जुड़े मामले में पति समेत सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों पर विवाहिता को अतिरिक्त दहेज के रूप में 10 लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, विवाहिता की शादी करीब 18 माह पूर्व रजत कसेरा से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास और ससुर द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। 26 सितंबर 2026 को विवाहिता की मौत हो गई। इसके बाद मायके पक्ष की शिकायत पर थाना चौक में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी द्वारा की जा रही है। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस टीम ने 1 अक्टूबर 2026 को बड़ी पियरी स्थित उनके आवास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में रजत कसेरा (31), अशोक कुमार कसेरा (57) और 52 वर्षीय सुनीता देवी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में ACP दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी, थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला, पियरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास मिश्रा, कांस्टेबल मनोज कुमार सिंह और रिजर्व महिला कांस्टेबल शिवानी कुमारी शामिल रहीं।







