लंबित मांगों को लेकर BSNL कर्मचारियों ने स्थापना दिवस समारोह का किया बहिष्कार

Shekhar pandey
वाराणसी, 1 अक्टूबर। BSNL से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों ने लंबित मांगों के समाधान की मांग को लेकर BSNL Day Celebration का बहिष्कार किया। All Unions and Associations of BSNL (AUAB) के आह्वान पर वाराणसी में कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने लंच आवर में प्रदर्शन कर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने Third Pay Revision Committee (Third PRC) समेत कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े विभिन्न लंबित सेवा मामलों के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मुद्दों पर केवल आश्वासन के बजाय स्पष्ट निर्णय और समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता है।
SNEA वाराणसी के जिला सचिव पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारी और अधिकारी BSNL को एक मजबूत एवं सफल सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी के रूप में देखना चाहते हैं और इसके लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों और लंबित मामलों के समाधान के बिना केवल समारोह आयोजित करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस समारोह का बहिष्कार किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि लंबित मांगों के समाधान के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का माध्यम है।
AIGETOA वाराणसी के जिला सचिव प्रभात कुमार यादव ने कहा कि कर्मचारियों और अधिकारियों की एकजुटता उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि BSNL और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को आगे भी संगठित तरीके से उठाया जाता रहेगा।
वाराणसी के उपमहाप्रबंधक डी.के. उपाध्याय ने भी प्रदर्शन के दौरान अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि BSNL के लिए सभी को पूरी मेहनत से काम करना चाहिए, लेकिन कर्मचारियों को अपनी जायज मांगों के प्रति भी जागरूक रहना जरूरी है।
प्रदर्शन में Executive और Non-Executive वर्ग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान रबीश तिवारी, अनिल कुमार शर्मा, एम.डी. राम और प्रेमकुमार समेत अन्य कर्मचारियों ने भी अपने विचार रखे।
प्रदर्शन के माध्यम से कर्मचारियों ने कहा कि BSNL को मजबूत बनाने के साथ-साथ उसके कर्मचारियों और अधिकारियों के जायज हितों तथा लंबित सेवा मामलों के समाधान पर भी प्राथमिकता से कार्रवाई की जानी चाहिए।







