माइक्रोटेक में इग्नू विद्यार्थियों के लिए परिचय सत्र आयोजित

Shekhar pandey
वाराणसी। इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), क्षेत्रीय केन्द्र वाराणसी की ओर से 2 अक्टूबर 2026 को जुलाई 2026 सत्र के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए परिचय सत्र (इंडक्शन मीट) का आयोजन इग्नू अध्ययन केन्द्र 48012, माइक्रोटेक कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, वाराणसी में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को इग्नू की दूरस्थ शिक्षण प्रणाली, अध्ययन प्रक्रिया, परीक्षा व्यवस्था एवं विश्वविद्यालय के नियमों की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री पं. लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
माइक्रोटेक परिवार की ओर से महासचिव नीरज राजहंस ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संस्थान में संचालित इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माइक्रोटेक कॉलेज में इग्नू के विद्यार्थियों को निःशुल्क प्लेसमेंट सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने इग्नू की बहु-माध्यमीय शिक्षण प्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए स्व-अध्ययन सामग्री, ऑडियो-वीडियो सामग्री, रेडियो एवं टेलीविजन प्रसारण, आमने-सामने परामर्श, प्रयोगशाला एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण, टेलीकॉन्फ्रेंसिंग तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी सुविधाओं का लाभ मिलता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं इग्नू क्षेत्रीय निदेशक डॉ. यू.एन. त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रणाली के लचीलेपन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इग्नू में विद्यार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न कार्यक्रम ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ रोजगारपरक भी हैं।
डॉ. त्रिपाठी ने इग्नू की डिग्री, डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्रों की मान्यता के संबंध में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इग्नू के पाठ्यक्रम संबंधित नियामक संस्थाओं के मानकों के अनुरूप हैं तथा विद्यार्थियों को देशभर में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध कराते हैं।
इसके बाद जयमंगल सिंह ने इग्नू की मूल्यांकन एवं परीक्षा प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने दूरस्थ शिक्षा में सत्रीय कार्य (असाइनमेंट) के महत्व को समझाते हुए विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान नियमित रूप से असाइनमेंट पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों से संबंधित सुविधाओं की भी जानकारी दी।
बृजमोहन श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को इग्नू द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली स्व-अध्ययन सामग्री के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित स्व-अध्ययन करने और समयबद्ध तरीके से अपने पाठ्यक्रम को पूरा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने इग्नू की पढ़ाई, परीक्षा, असाइनमेंट और अध्ययन प्रक्रिया से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका आयोजकों एवं माइक्रोटेक के पदाधिकारियों ने समाधान किया। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समयबद्धता और निरंतर प्रयास की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह के अंत में बृजमोहन श्रीवास्तव, सहायक कोऑर्डिनेटर, इग्नू अध्ययन केन्द्र 48012, माइक्रोटेक कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, वाराणसी ने छात्र-छात्राओं का परिचय फैकल्टी टीम से कराया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।







