Varanasi : जैपुरिया स्कूल पड़ाव शाखा की बालिका कबड्डी टीम ने जीता कांस्य पदक

Shekhar pandey
वाराणसी। सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल्स बनारस की पड़ाव शाखा की बालिकाओं ने सीबीएसई राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीतकर विद्यालय, जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश के कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई थी, जिसमें देशभर से अंडर–14 आयु वर्ग की 17 टीमें शामिल हुईं।
जैपुरिया स्कूल की बालिकाओं ने ग्रुप–A में पंजाब, यूएई, तमिलनाडु और दिल्ली को हराते हुए विजेता स्थान हासिल किया। क्वार्टर फाइनल में टीम ने मध्यप्रदेश को हराकर सेकेंड रनर अप का स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हरियाणा की एलबीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल रोहतक को तथा रजत पदक महाराष्ट्र के आर्यन वर्ल्ड पब्लिक स्कूल को मिला।
विजेता खिलाड़ी
टीम की विजयी बालिकाएं थीं – लवली यादव, आशी सिंह, आयुषी सिंह, आरुषि यादव, अन्वी श्रेयांशी, अनुष्का सिंह, धनश्री पांडे, अंबे कुमारी, आरोही पांडे, आरोही सिंह और प्रसून यादव। टीम का प्रशिक्षण मंगल पांडे के नेतृत्व में हुआ।
पूर्व उपलब्धि और स्वागत
गौरतलब है कि इसी वर्ष अगस्त माह में इन बालिकाओं ने अंडर–14 क्लस्टर मुकाबले में स्वर्ण पदक जीता था, जिसके बाद इन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिला। कांस्य पदक जीतकर लौटने पर विद्यालय परिवार ने पूरे उल्लास के साथ खिलाड़ियों और प्रशिक्षक का स्वागत किया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार बजाज ने पूरी टीम व कोच को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कठोर मेहनत, एकता, संघर्ष और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय परिवार के सभी पदाधिकारियों ने विजेता छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



