उत्तर प्रदेशवाराणसी

गोविन्दपुरा मोड़ चांदी लूटकांड में बड़ा खुलासा, इरानी गैंग का शातिर गिरफ्तार; 6.950 किलो चांदी बरामद

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। गोविन्दपुरा मोड़ के पास हुई करीब 27 किलो चांदी की लूट के मामले में चौक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कथित इरानी गैंग के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से लूटी गई 6.950 किलोग्राम चांदी की सात बटिया बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी झारखंड का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रशान्त जेवियर तिर्की (24) पुत्र जोसेफ तिर्की, निवासी ग्राम जमीरा, थाना चंदवा, जिला लातेहार, झारखंड के रूप में हुई है। उसे रविवार को मालगोदाम, इंग्लिशिया लाइन के पास से गिरफ्तार किया गया।

दरअसल, 17 जुलाई को सुड़िया स्थित हेमा ज्वेलर्स के कर्मचारी करीब 27 किलो 327 ग्राम चांदी की 26 बटिया लेकर रेशम कटरा स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स जा रहे थे। इसी दौरान गोविन्दपुरा मोड़ के पास बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए चांदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद चौक थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

मामले की जांच में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में अहम सुराग मिला। सूचना के आधार पर चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ इंग्लिशिया लाइन पहुंचे और घेराबंदी कर प्रशान्त जेवियर तिर्की को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चांदी की सात बटिया बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 6.950 किलोग्राम है। पुलिस अब बरामद चांदी के संबंध में पूछताछ कर लूट में शामिल अन्य आरोपियों और गैंग के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चौक थाने में संबंधित मुकदमा दर्ज है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह चौहान, हिमांशू मिश्रा, प्रणव पाण्डेय, हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार सिंह, कांस्टेबल चन्दन कुमार पाण्डेय, कुँवर बहादुर सिंह, रिजर्व कांस्टेबल महेश कुमार और राजेश कुमार शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button