बालिकाओं को महिला सशक्तीकरण और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

Shekhar pandey
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला स्थित बाल विद्यालय स्कूल में बालिकाओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों और महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और थाना प्रभारी विमल मिश्रा मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को किसी भी तरह की परेशानी या आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान 112 हेल्पलाइन नंबर के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई और बताया गया कि आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े अन्य हेल्पलाइन नंबरों, उनके अधिकारों और उपलब्ध पुलिस सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि बालिकाएं किसी भी समस्या को छिपाएं नहीं और जरूरत पड़ने पर परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस की मदद लें।
पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनने के साथ-साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। महिला सशक्तीकरण और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें सुरक्षित वातावरण और सहायता के उपलब्ध साधनों की जानकारी देना रहा।







