एपेक्स हॉस्पिटल प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Ashutosh pandey
वाराणसी। एपेक्स सुपर स्पेश्येलिटी हॉस्पिटल एवं पीजीआई, वाराणसी परिसर में एपेक्स समूह के नर्सिंग, फिजियोथेरेपी एवं पैरामेडिकल उच्च चिकित्सीय शिक्षण संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस वर्ष के संदेश “विकसित भारत @2047 के लिए युवा शक्ति” को केंद्र में रखते हुए समारोह में विद्यार्थियों ने स्वस्थ, शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के संरक्षण एवं निदेशक डॉ. स्वरूप पटेल एवं डॉ. अंकिता पटेल के सह-संरक्षण में समारोह के मुख्य अतिथि आंध्र प्रदेश सरकार के पूर्व प्रमुख सचिव श्री प्रवीण प्रकाश, आकाशवाणी वाराणसी के सहायक निदेशक श्री अशोक पांडेय एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रांत के सह भाग कार्यवाह श्री सौरभ जी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ समारोह का शुभारंभ किया। जिसके पश्चात उपस्थित अतिथियों, चिकित्सकों, फैकल्टी, स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान कर तिरंगे को नमन किया। अतिथियों ने स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानियों एवं राष्ट्र निर्माताओं को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए युवाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल, अनुशासन, नवाचार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनी शक्ति बनाकर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर नर्सिंग, फिजियोथेरेपी एवं पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रस्तुतियाँ देकर भारत की एकता, विविधता, गौरवशाली विरासत और युवा शक्ति को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वास्थ्य एवं उच्च शिक्षा से जुड़े युवा केवल अपने क्षेत्र के कुशल प्रोफेशनल ही नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के महत्वपूर्ण संवाहक भी हैं। समारोह का मुख्य आकर्षण फिजियोथेरेपी कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा कैंसर मुक्त भारत के निर्माण के लिए गर्भाशय कैंसर से बचाव हेतु स्क्रीनिंग और HPV वेक्सीनेशन पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति रहा।
एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वर्ष 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प तभी साकार होगा, जब आज की युवा पीढ़ी ज्ञान, कौशल, सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर समाज एवं राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान किया।
समारोह का समापन राष्ट्र प्रथम, सेवा सर्वोपरि और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में एपेक्स हॉस्पिटल एवं उच्च चिकित्सीय शिक्षण संस्थानों के चिकित्सक, प्राचार्य, फैकल्टी, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।







