25 हजार का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार, धर्म परिवर्तन मामले में था फरार
Shekhar Pandey
वाराणसी। थाना कोतवाली पुलिस ने विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन से जुड़े एक मामले में 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत, पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल व सर्विलांस टीम की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आफताब अंसारी (30 वर्ष) पुत्र नबी रसूल, निवासी रसूलपुर थाना बड़ागांव के रूप में हुई है। उसे 4 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे लोहता-जंसा मार्ग स्थित रिंग रोड अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया।
क्या है मामला
पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को एक महिला की शिकायत पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उसके पति द्वारा उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था तथा ससुराल पक्ष द्वारा उसका शोषण किया जा रहा था।
इस मामले में पुलिस पहले ही 25 अप्रैल को आरोपी के माता-पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी आफताब अंसारी फरार चल रहा था।
गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा
आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज है।
आपराधिक इतिहास भी मौजूद
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें अपहरण, लूट व अन्य धाराएं शामिल हैं।
इनकी रही प्रमुख भूमिका
इस गिरफ्तारी में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।









