काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4 पर श्रद्धालुओं से विवाद, पांच लोगों पर पुलिस की कार्रवाई
Shekhar pandey
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से विवाद करने और पैसे को लेकर अनावश्यक बहस करने के मामले में चौक पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार 19 अगस्त को मंदिर के गेट नंबर 4 के पास कुछ लोगों द्वारा श्रद्धालुओं से स्पर्श दर्शन कराने के नाम पर पैसे लिए जाने को लेकर विवाद की सूचना मिली थी। सूचना पर चौक पुलिस मौके पर पहुंची। वहां काफी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद थी।
पुलिस ने मौके पर पांच लोगों को रोककर पूछताछ की। आरोप है कि पुलिस से शिकायत किए जाने को लेकर ये लोग नाराज हो गए और श्रद्धालुओं के साथ विवाद करने लगे। पुलिस ने सभी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति शांत नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांचों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में भी नाराजगी थी और स्थिति बिगड़ने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पांचों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निवारक कार्रवाई की गई।
पुलिस कार्रवाई में लाल बाबू पाण्डेय (35), आशीष पाण्डेय (24), दिलीप पाण्डेय (44), यश दुबे (20) और सुशील कुमार दास (21) को हिरासत में लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक उमेश चन्द्र विश्वकर्मा, कांस्टेबल राहुल कुमार, रिजर्व कांस्टेबल विवेक शुक्ला और कांस्टेबल सुनील कुमार त्रिपाठी शामिल रहे।







