काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 पर चंदन टीका और शीघ्र दर्शन को लेकर विवाद, तीन पर पुलिस की निवारक कार्रवाई

Shekhar pandey
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 के पास श्रद्धालुओं को चंदन टीका लगाने और शीघ्र दर्शन के नाम पर धन लेने को लेकर विवाद और मारपीट की सूचना पर चौक पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर निवारक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को गेट नंबर-4 के पास कुछ लोगों द्वारा दर्शनार्थियों से चंदन टीका लगाने और शीघ्र दर्शन के नाम पर विवाद एवं दुर्व्यवहार किया जा रहा था। सूचना मिलने पर चौक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
पुलिस का कहना है कि मौके पर मौजूद लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ने और मारपीट की आशंका को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीनों के विरुद्ध निवारक कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अजय दूबे (58), निवासी छित्तूपुर, सिगरा, हरिओम पाण्डेय (19), निवासी ब्रह्मनाल, चौक तथा राजेश पाण्डेय, निवासी ब्रह्मनाल, चौक के रूप में हुई है।
तीनों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निवारक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में चालान किया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक पुष्कर दूबे, कांस्टेबल राहुल कुमार और रिजर्व कांस्टेबल विवेक शुक्ला शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि श्री काशी विश्वनाथ धाम के आसपास श्रद्धालुओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, अनावश्यक धन की मांग अथवा विवाद उत्पन्न करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







