उत्तर प्रदेशचंदौली

चकिया में डेढ़ साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार; मेडिकल में देरी पर भड़का आक्रोश

शुभम मोदनवाल

Advertisements

चकिया, चंदौली। नगर में डेढ़ वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप का मामला सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पीड़ित बच्ची के चिकित्सकीय परीक्षण में हुई देरी को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। घटना के विरोध में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों के मुताबिक गुरुवार की रात बच्ची घर के आसपास थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक उसे टाफी दिलाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। कुछ समय बाद आरोपी बच्ची को लेकर ऑटो से वापस आया। बच्ची की स्थिति देखकर परिजन घबरा गए और मामले की सूचना उसके पिता को दी, जो उस समय वाराणसी में काम कर रहे थे। इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को थाने बुलाकर शिकायत दर्ज की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

इसके बाद बच्ची के चिकित्सकीय परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई। मेडिकल को लेकर परिजनों को हुई परेशानी पीड़िता के मेडिकल को लेकर परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चकिया स्थित अस्पताल से बच्ची को चंदौली भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचने पर दोबारा चकिया में मेडिकल कराने की बात कही गई। शुक्रवार सुबह बच्ची को महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में फिर चकिया अस्पताल लाया गया।मेडिकल को लेकर उत्पन्न स्थिति से परिजन और मौके पर मौजूद लोग नाराज हो गए। मामले की जानकारी क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य को हुई तो उन्होंने अस्पताल प्रशासन से वार्ता कर बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण तत्काल कराने के लिए कहा। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। चिकित्सकीय परीक्षण सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मासूम बच्ची के साथ हुई कथित घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने शुक्रवार को विरोध स्वरूप अपनी दुकानें बंद रखीं। बड़ी संख्या में व्यापारी गांधी पार्क तिराहे पर एकत्र हुए और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णु जायसवाल, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद मोदनवाल , सभासद रवि गुप्ता, ज्योति गुप्ता, राजन साहू,सपा नेता दशरथ सोनकर, राकेश मोदनवाल, मोहन वर्मा, प्रीतम जायसवाल, राजू वर्मा और दीपक चौहान , ईशान गुप्ता, मनीष जायसवाल, सत्यम जायसवाल , रोहित साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मामले की जानकारी लेने के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भी गांधी पार्क तिराहे पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी तथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
घटना को लेकर चकिया नगर में लोगों के बीच पूरे दिन चर्चा और आक्रोश का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने मासूम के साथ हुई घटना में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button