उत्तर प्रदेशवाराणसी

घाटों की सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस आयुक्त सख्त, पैदल गश्त कर दिए जरूरी निर्देश

Shekhar Pandey

Advertisements

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को शहर के प्रमुख घाटों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दशाश्वमेध घाट, गोदौलिया, नमो घाट और अस्सी घाट क्षेत्रों में पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आमजन की सुरक्षा कमिश्नरेट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाट क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग के साथ जनसहयोग बढ़ाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने गंगा घाटों पर नशीले पदार्थों के सेवन और गंदगी फैलाने पर सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घाटों पर अवैध अतिक्रमण हटाने तथा आवागमन बाधित करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।

नमो घाट से अस्सी घाट तक निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर एनडीआरएफ और जल पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। गंगा में जल विहार करने वाले सभी लोगों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य करने तथा नाविकों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया। घाट क्षेत्रों में स्टंट और खतरनाक करतब दिखाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं को डूबने की घटनाओं से बचाने के लिए घाटों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जल पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले नाविकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए अब तक 31 अभियोग दर्ज किए गए हैं तथा 58 नावों को सीज किया गया है।

वहीं “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रही। विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 22 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 529 वाहनों का चालान कर कुल 10 लाख 62 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

इस दौरान शिवहरी मीणा, गौरव बंशवाल, वैभव बांगर सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button