मुहर्रम की तैयारियों का जायजा लेने सड़क पर उतरे पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी

Shekhar pandey
वाराणसी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को वाराणसी पुलिस एवं प्रशासन द्वारा चौक क्षेत्र में संयुक्त रूट मार्च निकाला गया। रूट मार्च चौक थाना क्षेत्र से नई सड़क तक निकाला गया, जिसमें पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

रूट मार्च के दौरान दालमंडी क्षेत्र में चल रहे चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया और मुहर्रम जुलूस के प्रस्तावित मार्ग का जायजा लिया गया। इस दौरान चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने अपने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से नियंत्रित रखा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि 10 फीट तक की ताजिया निकालने की अनुमति होगी तथा निर्धारित मानकों का पालन सभी आयोजकों को करना होगा। उन्होंने बताया कि जुलूस के दौरान डीजे के प्रयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरे जुलूस मार्ग की निगरानी की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि निर्धारित मानकों से बड़ी ताजिया निकाले जाने की स्थिति में उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित ताजियादार की होगी।
पुलिस-प्रशासन ने सभी समुदायों से सहयोग की अपील करते हुए मुहर्रम को आपसी सौहार्द, शांति और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने का आह्वान किया है।







