सराहनीय कार्य: काशी विश्वनाथ मंदिर में बिछड़े युवक को चौक पुलिस ने परिवार से मिलाया

Shekhar pandey
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने आए महाराष्ट्र के एक युवक के अपने साथियों से बिछड़ जाने के बाद चौक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे सकुशल उसके परिजनों से मिलाया। पुलिस के इस मानवीय कार्य की परिजनों ने जमकर सराहना की।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं जनसहायता अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध तथा सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध के पर्यवेक्षण में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा की टीम ने यह सराहनीय कार्य किया।
जानकारी के अनुसार अंश संतोष जमधड़े (18 वर्ष) निवासी पंचवटी, नासिक (महाराष्ट्र) 21 जून को अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। 23 जून को वह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचा, जहां भीड़ के दौरान अपने साथियों से बिछड़ गया। उसके पास न मोबाइल फोन था और न ही पैसे। किसी श्रद्धालु के मोबाइल से उसने अपने पिता संतोष दौलत जमधड़े को फोन कर अपनी स्थिति की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर युवक के पिता ने चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम को युवक की तलाश में लगाया। चौकी प्रभारी केवीएम उपनिरीक्षक पुष्कर दुबे तथा कांस्टेबल सुनील कुमार त्रिपाठी ने गेट नंबर-4 और आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की और कुछ ही देर में नंदू फेरिया गली के पास घबराए हुए युवक को खोज निकाला।
पुलिस युवक को चौक थाने लेकर आई, जहां उसके पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से पहचान की पुष्टि कराई गई। युवक के पास कोई साधन न होने के कारण पुलिस ने उसे थाने में सुरक्षित रखा तथा सरकारी मेस से भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं। इस बीच उसके पिता नासिक से वाराणसी के लिए रवाना हो गए।
गुरुवार को युवक के पिता संतोष दौलत जमधड़े चौक थाने पहुंचे। आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पुलिस ने युवक अंश संतोष जमधड़े को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने पुत्र को सुरक्षित पाकर परिजनों ने वाराणसी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
युवक को सकुशल परिजनों से मिलाने वाली पुलिस टीम
- दिलीप कुमार मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक, थाना चौक
- उमेशचंद्र विश्वकर्मा, उपनिरीक्षक, थाना चौक
- पुष्कर दुबे, चौकी प्रभारी केवीएम
- सुनील कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल
- कुंवर बहादुर सिंह, कांस्टेबल
चौक पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से एक परिवार की चिंता समाप्त हुई और युवक सुरक्षित अपने घर लौट सका।







