उत्तर प्रदेशवाराणसी

अखाड़े में करंट लगने से पहलवान की मौत, खंभे से लटकते तार बने काल

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। चौक थाना अंतर्गत  रामसिंह अखाड़ा  में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से युवा पहलवान की मौत हो गई। युवक रोज की तरह अखाड़े में अभ्यास और दांव-पेंच सीखने पहुंचा था। अभ्यास के दौरान उसका हाथ खंभे के किनारे लटक रहे बिजली के खुले तार से छू गया, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसा होते ही अखाड़े में अफरा-तफरी मच गई। साथी पहलवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल मेन स्विच बंद किया और युवक को करंट से अलग कर अचेत अवस्था में उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और मोहल्ले में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अखाड़े के पास खंभे से लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही बिजली विभाग की संभावित लापरवाही के पहलू की भी जांच की जाएगी। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सावधानी ही सुरक्षा: यदि कहीं खुले या लटकते बिजली के तार दिखाई दें तो तत्काल 1912 (बिजली विभाग) या 112 (पुलिस) पर सूचना दें। करंट लगने की स्थिति में सबसे पहले मेन स्विच बंद करें और बिना सुरक्षा के पीड़ित को सीधे हाथ न लगाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button