मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बैंक ऑफ बड़ौदा सम्मानित

Shekhar pandey
लखनऊ। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM YUVA) के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। यह सम्मान 27 जून को एमएसएमई दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह में प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से लखनऊ अंचल के महाप्रबंधक एवं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC-UP) के संयोजक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने यह सम्मान ग्रहण किया।
यह सम्मान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण लाभ पहुंचाने में बैंक की उल्लेखनीय भूमिका के लिए दिया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद शैलेन्द्र कुमार सिंह ने इस उपलब्धि को बैंक ऑफ बड़ौदा की सभी शाखाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण, टीमवर्क एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम बताया। उन्होंने सभी कर्मचारियों से वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी इसी प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ बेहतर प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने ग्राहकों, लाभार्थियों, उत्तर प्रदेश सरकार, विभागीय अधिकारियों तथा बैंक के सभी कर्मचारियों को देते हुए कहा कि वह भविष्य में भी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित सभी प्राथमिकता प्राप्त सरकारी योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।







