IIT (BHU) के स्थापना दिवस पर 39 GTC ने किया उन्नत ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन, छात्रों ने जाना आधुनिक रक्षा प्रणाली का स्वरूप

Shekhar pandey
वाराणसी। नागरिक-सैन्य सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में 39 GTC ने सोमवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय) के स्थापना दिवस समारोह में भाग लेते हुए उन्नत ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं को आधुनिक रक्षा अभियानों में ड्रोन और अन्य मानवरहित प्रणालियों की उपयोगिता से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में सेना के विशेषज्ञों ने ड्रोन तकनीक की कार्यप्रणाली, निगरानी, सुरक्षा और विभिन्न सैन्य अभियानों में इसके उपयोग की जानकारी दी। सजीव प्रदर्शन के माध्यम से प्रतिभागियों को भारत की तेजी से विकसित हो रही रक्षा तकनीक और स्वदेशी नवाचारों की झलक देखने का अवसर मिला।
इस अवसर पर नागरिक-सैन्य समन्वय को मजबूत करने, अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा रक्षा क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
आयोजकों के अनुसार, इस तरह की पहल ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के अनुरूप तकनीकी रूप से सक्षम, नवाचार-प्रधान और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।







