सीसे के गिलास से गर्दन पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चेतगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Shekhar pandey
वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर सीसे के गिलास के टूटे टुकड़े से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित के भाई की गर्दन पर जान से मारने की नीयत से सीसे के गिलास के टूटे टुकड़े से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई गई थी। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चेतगंज थाने में मुकदमा संख्या 168/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को आरोपी अनिल चौरसिया (40 वर्ष) निवासी सरायगोवर्धन, थाना चेतगंज को उसके क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सीसे के गिलास का टूटा हुआ टुकड़ा भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई एवं विवेचना जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक अभिषेक राव, कांस्टेबल रितिक राज एवं रिजर्व कांस्टेबल हरिप्रताप सिंह शामिल रहे।







