उत्तर प्रदेशवाराणसी

16 जुलाई को निकलेगी काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव की स्वर्ण-रजत प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। काशी के कोतवाल बाबा श्री काल भैरव की वर्ष 1954 से चली आ रही परंपरागत स्वर्ण-रजत प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को सुबह 7 बजे चौखम्भा स्थित काठ की हवेली से निकाली जाएगी। इसकी जानकारी स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी वाराणसी के अध्यक्ष घनश्याम सेठ “बच्चा” ने पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि शोभायात्रा की शुरुआत पुलिस घुड़सवार दस्ते से होगी। इसके बाद ढोल-ताशा, स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी का ध्वज, संस्थापक स्व. किशुन सेठ एवं स्व. भीखू सिंह की सुसज्जित तस्वीर, बैण्ड-बाजा और भजन मंडलियां शामिल रहेंगी।

इस वर्ष शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण मां वैष्णो देवी की भव्य झांकी, गोविंदेश्वर महादेव, भगवान श्रीराम परिवार, शंकर-पार्वती, राधा-कृष्ण, मां काली, हनुमान जी तथा डमरू दल की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। नीरज सेठ के नेतृत्व में न्यू लाइफ इवेंट प्लानर के कलाकार भजन-कीर्तन के साथ शोभायात्रा में शामिल होंगे।

शोभायात्रा के अंतिम चरण में फूलों से सुसज्जित रथ पर बाबा काल भैरव की स्वर्ण-रजत प्रतिमा विराजमान रहेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु पुष्पवर्षा, आरती और प्रसाद वितरण कर बाबा का स्वागत करेंगे। नागरिक सुरक्षा कोतवाली प्रखंड के पोस्ट वार्डेन धर्मेन्द्र गौतम के नेतृत्व में वॉकी-टॉकी से लैस स्वयंसेवकों की टीम भी व्यवस्था संभालेगी।

महामंत्री राजू वर्मा (बिछिया वाले) ने बताया कि शोभायात्रा चौखम्भा से प्रारंभ होकर बीबी हटिया, जतनबर, विशेश्वरगंज, महामृत्युंजय, दारानगर, मैदागिन, बुलानाला, चौक, नारियल बाजार, गोविंदपुरा, ठठेरी बाजार, सोराकुआं, गोलघर और भुतही इमली होते हुए भैरोनाथ चौराहे पहुंचेगी। इसके बाद बाबा काल भैरव मंदिर में स्वर्ण-रजत प्रतिमा की प्रतिष्ठापना, भव्य श्रृंगार एवं विधिवत पूजन होगा। रात्रि में शयन आरती तक श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था रहेगी।

सायंकाल पंडित जयकृष्ण दीक्षित के आचार्यत्व में बसंत पूजा संपन्न होगी। इस अवसर पर परंपरागत स्मारिका “काशी के कोतवाल” का भी प्रकाशन किया गया, जिसके संपादक रविशंकर सिंह, सह-संपादक कमल कुमार सिंह एवं संदीप सेठ हैं।

शोभायात्रा मंत्री जनार्दन वर्मा “प्रधान” ने बताया कि मंदिर परिसर, गर्भगृह और शोभायात्रा मार्ग को आकर्षक फूलों, झालरों एवं तोरणद्वारों से सजाया जाएगा। नगर निगम से मार्ग की मरम्मत एवं विशेष सफाई की भी मांग की गई है।

स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी ने काशीवासियों एवं श्रद्धालुओं से शोभायात्रा एवं बाबा काल भैरव के श्रृंगार दर्शन में सपरिवार शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। साथ ही शहर के स्वर्ण व्यवसायियों से अनुरोध किया गया है कि शोभायात्रा के दौरान अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता करें।

पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष घनश्याम सेठ “बच्चा”, महामंत्री राजू वर्मा, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह, शोभायात्रा मंत्री जनार्दन वर्मा “प्रधान”, संरक्षक कृष्ण कुमार सेठ “बच्चू जी” एवं श्याम सुन्दर सिंह सहित कमेटी के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button