दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना का शुभारंभ, 221 करोड़ की लागत से बदलेगी तस्वीर

Shekhar pandey
वाराणसी। लंबे समय से प्रस्तावित दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना अब धरातल पर उतर गई है। रविवार को दालमंडी में विधिवत भूमि पूजन के साथ सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पूजा-अर्चना कर परियोजना का शुभारंभ किया।
करीब 221 करोड़ रुपये की लागत से दालमंडी की लगभग 650 मीटर लंबी सड़क को 17.4 मीटर चौड़ा किया जाना है। परियोजना के तहत सड़क के चौड़ीकरण के साथ क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।
भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य के पहले चरण में सड़क निर्माण के लिए जमीन का समतलीकरण किया जाएगा। इसके बाद ड्रेन और डक्ट निर्माण के लिए खुदाई का काम शुरू होगा।
लंबे समय से चर्चा में रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से दालमंडी क्षेत्र में जाम की समस्या कम होने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। सड़क चौड़ीकरण को काशी के इस व्यस्त कारोबारी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







