स्वतंत्रता दिवस पर दालमंडी में शान से लहराया तिरंगा, शहीदों को किया याद

Shekhar pandey
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रकाशनाथ डर्बी शायर क्लब के तत्वावधान में दालमंडी स्थित कटरा मिर्जा अछक मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना चौक के प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
इस अवसर पर शहीदों की स्मृति में जाकिर हुसैन एंड पार्टी द्वारा शहनाई वादन प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने “ऐ मेरे वतन के लोगों, जरा याद करो कुर्बानी” सहित देशभक्ति गीतों और सावन के अवसर पर कजरी की मनमोहक प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति और सांस्कृतिक रंग से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वाराणसी डर्बी शायर क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर ने प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं थाना चौक की विभिन्न चौकियों के पुलिसकर्मियों, दालमंडी चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह चौहान तथा एलआईयू चौक के सब-इंस्पेक्टर गुप्ता जी सहित अन्य पुलिसकर्मियों को मेडल एवं तिरंगा पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाकर देश में अमन-चैन और भाईचारे का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में आगे कमल साहब, साबिर इलाही, नेहाल साहब, मिर्जा हारून, प्रमोद वर्मा, मिर्जा असद, मिर्जा सैफ, मिर्जा हरीश, मोहम्मद यासीन, जीशान हैदर, अब्दुल लतीफ सहित क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, भाईचारे और देश की एकता-अखंडता के संकल्प के साथ हुआ।







