वाराणसी कैंट स्टेशन पर 8.64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

Shekhar pandey
वाराणसी। रेलवे स्टेशनों पर चोरी की घटनाओं की रोकथाम, अपराधियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी तथा अवैध तस्करी और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी कैंट वाराणसी पुलिस ने रेलवे स्टेशन से एक युवक को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 04 अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में उपनिरीक्षक राजबहादुर पुलिस टीम के साथ वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर चेकिंग और गश्त कर रहे थे। टीम प्लेटफार्म पर हाल प्रथम से टिकट घर होते हुए सिग्नल ऑफिस की ओर जा रही थी। इसी दौरान काशी साइड की तरफ पानी की टंकी के पास एक युवक काले रंग का बैग लेकर बेंच पर बैठा दिखाई दिया।
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख युवक सकपका गया और भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम रामबली महतो (38 वर्ष), निवासी कोरे, थाना गढ़पुरा, जिला बेगूसराय, बिहार बताया।
पुलिस ने उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें मैकडॉवेल नंबर-1 व्हिस्की के 48 पाउच, प्रत्येक 180 एमएल, बरामद हुए। कुल बरामद शराब की मात्रा 8.64 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7,200 रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, शराब के संबंध में युवक से वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद शराब में से दो पाउच को नमूने के तौर पर अलग कर सील किया गया, जबकि शेष 46 पाउच को बैग में रखकर सील कर दिया गया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
इस मामले में जीआरपी कैंट वाराणसी थाने में मु0अ0सं0 309/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी:
- मैकडॉवेल नंबर-1 व्हिस्की के 48 पाउच
- प्रत्येक पाउच 180 एमएल
- कुल मात्रा 8.64 लीटर
- अनुमानित कीमत 7,200 रुपये
कार्रवाई करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, उपनिरीक्षक राजबहादुर, ASI राकेश सिंह (CIB BSB), हेड कांस्टेबल अनुरोध कुमार, HC प्रमोद राय (RPF BSB), कांस्टेबल इन्द्रजीत एवं कांस्टेबल विष्णु शरण तिवारी।







