राष्ट्रीय

Hariyana News: आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद पर्वतन एजेंसियों ने अलग अलग जिलों से करोड़ों रुपए नगद और करोड़ों का शराब किया जब्त

Advertisements

हरियाणा । कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अलग-अलग जिलों से करोड़ों रुपये नगद और करोड़ों की शराब जब्त की है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्य में बुधवार तक लगभग 11.50 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है। इसके अलावा, 44.69 करोड़ रुपये की अवैध शराब, मादक पदार्थ और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा में पारदर्शी तरीके से लोकसभा चुनाव कराने के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद राज्य में पुलिस, आयकर विभाग, आबकारी एवं कराधान विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के परिणामस्वरुप, 11.50 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है। इसमें से पुलिस द्वारा 5.48 करोड़ रुपये, आयकर विभाग द्वारा 3.03 करोड़ रुपये, आबकारी विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय द्वारा 2.98 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं।

इसके अलावा विभिन्न एजेंसियों ने 12.54 करोड़ रुपये मूल्य की 3,83,038 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इसमें से 2,78,613 लीटर शराब पुलिस ने जब्त की है। उन्होंने कहा कि एजेंसियों ने 13.32 करोड़ रुपये मूल्य के 63.04 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इसके अलावा 15.84 करोड़ रुपये का कीमती सामान और 2.97 करोड़ रुपये का अन्य सामान भी जब्त किया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य में मतदाता आदर्श आचार संहिता के विषय में जागरुक हैं। नागरिक सी-विजिल मोबाइल ऐप के माध्यम से आयोग को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतें भेज रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button