उत्तर प्रदेशवाराणसी

12.5 लाख की साइबर ठगी का खुलासा: बीमा पॉलिसी अपडेट के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना समेत 5 गिरफ्तार

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। बीमा पॉलिसी का प्रीमियम जमा कराने, पॉलिसी अपडेट करने और अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का थाना साइबर क्राइम वाराणसी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित पांच शातिर साइबर अपराधियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक आईफोन, पांच एंड्रॉयड मोबाइल, 65 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन (फ्रॉक्स) बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को वाराणसी निवासी एक व्यक्ति (काल्पनिक नाम जीशान) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रिलायंस निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस का अधिकारी बनकर कुछ लोगों ने उन्हें प्रीमियम अपडेट कराने और अतिरिक्त लाभ दिलाने का झांसा देकर 12.50 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली।

शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, पुलिस उपायुक्त अपराध नीतू कादयान तथा अपर पुलिस उपायुक्त अपराध नृपेन्द्र के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध विदुष सक्सेना के नेतृत्व में गठित टीम ने हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में जांच करते हुए 30 जून 2026 को दिल्ली से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे देते थे ठगी को अंजाम

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह बीमा पॉलिसी धारकों का डेटा हासिल कर उन्हें फोन करता था। आरोपी खुद को रिलायंस निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस का कर्मचारी या अधिकारी बताकर पॉलिसी अपडेट, प्रीमियम जमा कराने या अधिक बोनस एवं लाभ दिलाने का झांसा देते थे। विश्वास में लेने के बाद पीड़ितों से बड़ी रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराई जाती थी। इसके बाद रकम फर्जी म्यूल बैंक खातों में भेजकर अलग-अलग माध्यमों से निकाल ली जाती थी।

गिरफ्तार आरोपी

  • शिव कुमार गौतम (28), प्रेम नगर, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली
  • अमन कुमार (20), प्रेम नगर, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली
  • विष्णु कुमार (21), प्रेम नगर, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली
  • राहुल कुमार (25), इंदिरा एन्क्लेव फेज-1, किराड़ी, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली
  • आलोक सिंह (31), प्रताप विहार, किराड़ी, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली

बरामदगी

  • 1 आईफोन
  • 5 एंड्रॉयड मोबाइल फोन
  • 65,000 रुपये नकद
  • एक चार पहिया वाहन (फ्रॉक्स)

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध साइबर क्राइम थाना वाराणसी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। साथ ही इनके अन्य आपराधिक मामलों का भी पता लगाया जा रहा है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह, निरीक्षक योगेन्द्र प्रसाद, निरीक्षक शिवाकांत शुक्ला सहित साइबर क्राइम टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button