वाराणसी: 27 किलो चांदी लूटकांड में बड़ा खुलासा, मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाश गिरफ्तार; 4 किलो चांदी, नकदी और अवैध असलहे बरामद

Shekhar pandey
वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र में 27 किलो से अधिक चांदी की लूट के चर्चित मामले में कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौक थाना पुलिस, एसओजी और लंका थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से लूट की 4 किलो चांदी की चार बटिया, 15,020 रुपये नकद, दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी काशी और एसीपी दशाश्वमेध के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा की टीम ने एसओजी और लंका पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी भेलूपुर से लंका की ओर भाग रहे हैं। पीछा करने पर लौटूबीर पुलिया के आगे सर्विस रोड पर बदमाशों से मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों घायल हो गए। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन (55 वर्ष) निवासी भोपाल (मध्य प्रदेश) और माशाअल्लाह (40 वर्ष) निवासी नर्मदापुरम (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को चौक क्षेत्र स्थित हेमा ज्वेलर्स के कर्मचारियों से गोविंदपुरा मोड़ के पास करीब 27 किलो 327 ग्राम चांदी (26 बटिया) लूट ली गई थी। इस मामले में चौक थाने में मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच की जा रही थी।
जांच के दौरान दोनों आरोपियों तक पुलिस पहुंची और मुठभेड़ के बाद उनकी गिरफ्तारी हुई। बरामद चांदी लूट की घटना से संबंधित बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और शेष लूटी गई चांदी की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन के खिलाफ जयपुर, दिल्ली और वाराणसी समेत कई स्थानों पर ठगी, चोरी और लूट जैसे मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







