चकिया पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी ,मुठभेड़ के बाद 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, साथी भी दबोचा गया

शुभम मोदनवाल
चकिया/चन्दौली। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चकिया पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में इलिया थाने का 25 हजार रुपये का इनामी वांछित अभियुक्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को गांधीनगर,लतीफशाह मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। पीछा करने पर जंगल की ओर मुड़ते समय उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल की पहचान अली हसन उर्फ शेरू अंसारी पुत्र फैजुलहसन, निवासी शिवरामपुर, थाना चांद, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वह थाना इलिया से गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित था तथा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। घटना के दौरान उसका साथी सोनू अंसारी पुत्र तस्लीम अंसारी, निवासी बुढ़वाई, थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर जंगल की ओर भाग गया, जिसे पुलिस टीम ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, दो कारतूस तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। मामले में थाना चकिया पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







