Mirzapur News: एएसपी के किया खुलासा , अफ़ीम की खेती करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे , 6840 अफ़ीम के पौधे को किया बरामद

मिर्जापुर । अदालहाट पुलिस ने फत्तेपुर व रामजीपुर गांव में छापा मारकर अफीम की अवैध रूप से खेती करने के आरोप में दो लोगो को गिरफ्तार कर कब्जे से 6840 अफीम के पौधे बरामद किया है। जिसकी कीमत छह करोड़ रुपए है । मामले का खुलासा करते हुए एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि अदलहाट थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्या को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र के फत्तेपुर व रामजीपुर गांव में कुछ व्यक्तियों द्वारा अफीम की अवैध रूप से खेती की जा रही है। सूचना पर अदलहाट पुलिस ने दबिश देकर रामजीपुर से एक बिस्वा में जमीन लगे 1710 अफीम के पौधे को बरामद किया। यहां से रामवृक्ष पाल निवासी रामजीपुर को गिरफ्तार किया। रामवृक्ष ने एक बिस्वा में अफीम की खेती की थी। वहीं फत्तेपुर में तीन बिस्वा में दो लोगों ने अफीम की खेती की थी। यहां से पुलिस ने एक खेत से 1930 और दूसरे खेत से 3200 पौधों को बरामद किया। साथ ही तस्कर प्रेमनाथ सिंह निवासी फत्तेपुर को गिरफ्तार किया। तीसरा आरोपी फरार हो गया। जिसे पुलिस गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है। एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि तीन स्थानों से 6840 अफीम का पौधा जिसका वजन 260 किलो है, बरामद किया गया है। इसकी कीमत छह करोड़ बताई गई है। ये लोग नशे के लिए अफीम का पौधा उगा रहे थे। सिंडिकेट का पता किया जा रहा है कि इसमें और कौन शामिल है। उनके भी विरुद्ध ठोस कार्रवाई की जाएगी।